SIR को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही कांग्रेस, देश का युवा विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पित : सांसद भारत सिंह कुशवाह
दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर व्यापारियों और देश का नुकसान कर रही कांग्रेस - जयप्रकाश
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत ग्वालियर पूर्व विधानसभा की प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन बाल भवन में किया गया। गोष्ठी के मुख्य वक्ता ग्वालियर सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजोरिया ने की। गोष्ठी में नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजोरिया ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस दीपावली जैसे महत्वपूर्ण और पवित्र त्योहार के अवसर पर देश में अराजकता फैलाने का घृणित प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक आचरण से स्वयं के हिंदू विरोधी होने का प्रमाण दे रही है। भारत गांधी जी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाला देश है। यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली किसी भी अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर भ्रम, अविश्वास और अराजकता का वातावरण बनाना उचित नहीं है।
मुख्य वक्ता सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने अपने उद्बोधन में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि कांग्रेस इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था का आवश्यक हिस्सा है। उनके अनुसार, पूर्व में भी इस प्रकार की पुनरीक्षण प्रक्रिया सात बार हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के कुछ दलों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए बाहरी लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने तथा अपना वोट बैंक बढ़ाने का प्रयास किया है।
श्री कुशवाह ने कहा कि उनके अनुसार इस बार मतदाता सूची से ऐसे नाम हटाए गए हैं, जिनके संबंध में नागरिकता के प्रमाण उपलब्ध नहीं थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी है अथवा जो अपना स्थान बदल चुके हैं और जिनके नाम एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना किसी ठोस प्रमाण के केवल आशंकाओं और अनुमानों के आधार पर जनता को गुमराह करने का घृणित प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर बात रखनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं को बाहरी ताकतों के दबाव में भ्रमित करने का प्रयास कर रही है और दंगा एवं हिंसा की राजनीति के माध्यम से सत्ता प्राप्त करने के सपने देख रही है। लेकिन कांग्रेस यह भूल रही है कि आज का भारत का युवा जागरूक और शिक्षित है। वह दंगा और हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, नवाचार और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखता है। देश का युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता भ्रम फैलाने वाली राजनीति को समझती है और लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब देती है।
कार्यक्रम का संचालन गोष्ठी के संयोजक एवं जिला महामंत्री श्री जवाहर प्रजापति ने किया एवं आभार जिला मंत्री श्री चंदन पटेल ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मधुसूदन भदौरिया, मुन्नालाल गोयल, राजू पलैया, सुमन शर्मा, रेशु राजावत, चंदन पटेल, रामेश्वर भदौरिया, ओमप्रकाश धनोल, कनवर मंगलानी, विकास साहू, सतेंद्र शर्मा, डॉ. नितेश शर्मा,
राघवेंद्र शर्मा, डॉ. निशिकांत मोघे, राघवेंद्र कुशवाह, प्रिया तोमर, डॉ. करुणा सक्सेना, मोर्चा जिलाध्यक्ष परवेज खान, महामंत्री अली अहमद, बिरजू शिवहरे, गौरव वाजपेयी, मंडल अध्यक्षगण मुकेश दुबे, प्रवीण भारद्वाज, आशु श्रीवास, बंटी बघेल, जबर सिंह गुर्जर,
सहित नगर के प्रबुद्ध नागरिक एवं मंडल अध्यक्षगण उपस्थित रहे।