ग्वालियर हादसे पर पीएम मोदी, सीएम मोहन यादव और राहुल गांधी ने जताया दुख, किया मुआवजे का एलान
ग्वालियर| शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत और 29 लोगों के घायल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में श्रद्धालुओं के साथ हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों का निशुल्क उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिलों के रहने वाले बताए गए हैं।
पीएम मोदी ने भी किया मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्वालियर हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
ग्वालियर हादसे पर राहुल गांधी ने जताया दुख
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। साथ ही, उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राहुल गांधी ने कहा कि ग्वालियर में बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के दुख में वह सहभागी हैं और उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं।