अजेय किले ढहा रही वैश्यों की एकता
पहले दाल बाजार के चुनाव, इसके बाद चेंबर आफ कामर्स के चुनाव में शहर के वैश्य समाज ने सफलता के झंडे फहराए। समाज की एकता से अब विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों को सफलता मिलने लगी है। अभी हाल ही में हुए अचलेश्वर न्यास ट्रस्ट के चुनाव में इस समुदाय ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। नौ साल बाद ट्रस्ट के चुनाव में इस समाज के ज्यादातर प्रतिनिधियों ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष जैसे अहम पद पर भी इस समाज का प्रतिनिधि (राजेश ऐरन) निर्वाचित हुआ। जबकि न्यासी के पद पर ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधि विजयी रहा। इन चुनावों से यह साबित गया है कि तेजी से वैश्य समाज की ताकत बढ़ती जा रही है और वह एकजुट हुआ है। उपाध्यक्ष पद पर भी वैश्य समाज का परचम लहराया है।राजेश ऐरन ने वैश्य समाज के अध्यक्ष पद पर जिस व्यक्ति को हराया वह शुरू से अजेय रहे हैं।
मामाजी का पारा है गर्म
प्रदेश में कमल दल की अंदरुनी कलह धीरे-धीरे बाहर आने लगी है। प्रदेश के धुरंधर इनदिनों इसके केंद्र बने हुए हैं। बुदनी में अभी हाल ही में आदिवासियों के आशियाने उजाड़े जाने के बाद मामाजी मुखर हो गए हैं। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार के वन महकमे की शर्मनाक हरकत बताया है। बुदनी मामाजी का निर्वाचन क्षेत्र है और यहीं से चुनकर देश की सबसे बड़ी संसद में पहुंचे हैं। पिछले दिनों यहां 12 आदिवासी परिवारों के आशियाने व खेत में खड़ी फसल जेसीबी से ढहा दी थी। इस पर आदिवासी परिवारों ने रोते हुए मामाजी को अपनी व्यथा बताई। मामाजी तैश में आए और खुले मंच से सरकार को जमकर कोसा। इस घटनाक्रम के बाद दूसरा मौका था लाडली बहनाओं का। मामाजी प्रदेश की महिलाओं को लेकर संवेदनशील बने हुए हैं। अब वे खुद ही मंच से पूछने लगे हैं बताओ कितने मिल रहे हैं। अब कितने चाहिए। साथ में चेतावनी दे रहे हैं कि जिसने बहनाओं को सताया उसकी खैर नहीं। क्योंकि जीत तो आप ही दिलाएंगी।
डांस के शौकीनों से आबाद मैरिज गार्डन
शहर के मैरिज गार्डन इनदिनों डांस के शौकीनों के आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। नवरात्रों में गरबा डांडिया के हो रहे आयोजनों में नियम कायदों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। प्रशासन शादियों में तुरंत इन मैरिज गार्डन पर कार्रवाई करने जा पहुंचता है मगर इन डांस आयोजनों में जहां आयोजक प्रतिभागियों से फीस वसूल रहे हैं। वहीं आयोजन स्थलों पर पहुंच रही महिलाएं देर रात तक इन आयोजन स्थलों पर जमा रहती हैं। इस और ध्यान नहीं है। डांस सेंटरों पर दर्शक भी उमड़ रहे हैं। इनके वाहन सड़कों पर बेतरतीब तरीके से खड़े होकर ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं।