बकाया टैक्स और वैध दस्तावेजों के अभाव में शिव कृपा धुलाई सेंटर सील
ग्वालियर । नगर निगम द्वारा बकाया संपत्ति कर की वसूली एवं नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड क्रमांक 64, पुरानी छावनी क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित नवीन लोहा मंडी में संचालित शिव कृपा धुलाई सेंटर (आरओ प्लांट) को टैक्स जमा नहीं करने तथा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण सील कर दिया गया।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त मुनीश सिंह सिकरवार के निर्देशन में चलाए जा रहे संपत्ति कर वसूली अभियान के अंतर्गत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई की। जांच के दौरान टैक्स जमा नहीं किए जाने और आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धुलाई सेंटर (आरओ प्लांट) को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान उपायुक्त संपत्तिकर, ग्रामीण विधानसभा रजनीश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सौरभ चौधरी, राजस्व अधिकारी सत्येंद्र राजोरिया, टीसी सत्येंद्र सिंह, सहायक अमित अरोरा, विजय शर्मा सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।