टेलीकॉम मैन्युफेक्चरिंग जोन के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का प्रभारी मंत्री सिलावट एवं मंत्री कुशवाह ने किया निरीक्षण
ग्वालियर। ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भूमिपूजन समारोह प्रस्तावित है। इस समारोह में देश के गृह मंत्री अमित शाह का ग्वालियर आगमन भी प्रस्तावित है। प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किया।
प्रभारी मंत्री सिलावट एवं उद्यानिकी मंत्री कुशवाह ने बुधवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) एवं मलगढ़ा थाना क्षेत्र के समीप स्थित मैदान का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में विभागीय अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण अनीशा श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर धाम के निर्माण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए
लियर के समीप जौरासी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर धाम का निर्माण 20 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। यह भव्य धाम 31 जुलाई 2027 तक बनकर पूर्ण होगा। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बुधवार को अम्बेडकर धाम निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा है कि अम्बेडकर धाम के चारों ओर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण का कार्य भी हाथ में लिया जाए। बाउण्ड्रीवॉल के चारों ओर बड़े पेड़ लगाने के लिये एक विशेष अभियान चलाकर वृक्षारोपण का कार्य किया जाए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, जीडीए के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता एवं आशीष प्रताप सिंह सहित उपस्थित थे।