दो दिवसीय अग्रसेन मेला आज से, आकर्षक प्रतियोगिताओं से सजेगा आयोजन
कैला माता, खाटू श्याम जी एवं अग्रसेन महाराज के भव्य दरबार रहेंगे आकर्षण का केंद्र, महिलाओं, युवतियों और बच्चों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
ग्वालियर। श्री अग्रवाल महासभा, ग्वालियर के तत्वावधान में अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाला दो दिवसीय भव्य अग्रसेन मेला गुरुवार 15 अक्टूबर को एन 11 रिसोर्ट डबरा मार्ग पर शुरू होगा। मेले को लेकर समाजबंधुओं में खासा उत्साह है। 15 एवं 16 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस मेले में धार्मिक आस्था, मनोरंजन, रचनात्मकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले में कैला माता का दरबार, खाटू श्याम जी का दरबार तथा भगवान श्री अग्रसेन महाराज का भव्य दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। गुरुवार को दोपहर ढाई बजे विधिवत पूजा अर्चना के साथ मेला का शुभारंभ होगा। तत्पश्चात सायं 7 बजे मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार गुप्ता, विशेष अतिथि महापौर शोभा सिकरवार और सांसद भारत सिंह कुशवाहा होंगे।अगले दिन 16 अक्टूबर शुक्रवार को पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं विशेष अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष अग्रवाल मौजूद रहेंगे।
श्री अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष सुरेश बंसल, महामंत्री रवि कुमार गर्ग एवं कोषाध्यक्ष जे.सी. गोयल के मार्गदर्शन में मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मेला समन्वयकों और कार्यक्रम संयोजकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पहले दिन होंगी रोचक प्रतियोगिताएं
मेला आयोजन के पहले दिन गुरुवार, 15 अक्टूबर को महिलाओं, युवतियों और बच्चों के लिए कई आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे से ‘श्रीजी अग्र कुकिंग क्वीन’ लाइव कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें महिलाएं एवं युवतियां टीवी शो मास्टरशेफ की तर्ज पर अपनी पाक कला का प्रदर्शन करेंगी।
दोपहर 3 बजे से ‘चल सखी, इंस्टा पर रील बनाएं’ प्रतियोगिता होगी। इसमें महिलाएं एवं युवतियां दो से तीन प्रतिभागियों के समूह में भाग लेकर एक से दो मिनट की रचनात्मक प्रस्तुति देंगी।
बच्चों के लिए ‘बच्चों की डांस धमाल’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 6 से 12 वर्ष तक के बच्चे अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति की सामग्री पेन ड्राइव में स्वयं लानी होगी।
वहीं, शाम 4 बजे से ‘फूल बनाओ, गुलदस्ता सजाओ’ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें 12 से 18 वर्ष तक के बालक-बालिकाएं कृत्रिम वस्तुओं का उपयोग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखा सकेंगे। प्राकृतिक फूलों के स्थान पर अन्य कृत्रिम सामग्री से फूल एवं गुलदस्ते तैयार किए जा सकेंगे।
धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
मेले में कैला माता एवं खाटू श्याम जी के भव्य दरबार श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। वहीं, भगवान श्री अग्रसेन महाराज का भव्य दरबार समाज की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत करेगा। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं और गरबा-डांडिया के विशेष कार्यक्रम से मेले में उत्सव का रंग और गहरा होगा।
समाजबंधुओं से सहभागिता की अपील
मीडिया प्रभारी ज्योति अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष मेले को अधिक आकर्षक, भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।इस वर्ष जगदीश मित्तल, शैलेश जैन,आशीष अग्रवाल एवं दिलीप अग्रवाल को मेला समन्वयक बनाया गया है। वहीं ज्योति गुप्ता,गोकुल बंसल, मनोज अग्रवाल ‘बाबा’, श्याम बंसल ‘अप्पा’, अजय गोयल, सागर अग्रवाल, आशीष जैन, हिमांशु छापरिया एवं अनुराग गर्ग को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे सपरिवार मेले में पहुंचकर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लें तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें।प्रतियोगिता की संयोजिका रेखा अग्रवाल, कीर्ति गर्ग, ज्योति अग्रवाल, नेहा गर्ग एवं रश्मि अग्रवाल है जबकि गरबा की संयोजिका पूजा अग्रवाल और सहसंयोजिकाओं के रूप में मुस्कान अग्रवाल, पिंकी मंगल, प्रिया अग्रवाल, लता अग्रवाल एवं नुपुर गोयल हैं
उन्होंने कहा कि अग्रसेन मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की एकता, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।