कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान अचानक पहुँचीं रानीपुरा बस्ती

ग्वालियर। शहर की बस्तियों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट एवं मूलभूत सुविधाओं की हकीकत जानने के लिये कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान मंगलवार की देर शाम चार शहर का नाका क्षेत्र के रानीपुरा बस्ती पहुँचीं और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बस्तियों में स्ट्रीट लाईट चालू रहें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जाए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के औचक निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव उपस्थित थे। 
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों से भी साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखना शासन-प्रशासन की जवाबदारी के साथ-साथ हम सबका भी मूल दायित्व है। अपने घर के आसपास स्वच्छता रखें और निगम की कचरा गाड़ी में ही कचरा डालें। उन्होंने नागरिकों से कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ पेयजल का अपव्यय भी न हो, इस पर भी हम सबको ध्यान देना चाहिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम श्री टी प्रतीक राव से कहा कि बस्ती की सभी स्ट्रीट लाइटें चालू रहें, इसका विशेष ध्यान दिया जाए जो लाइटें बंद हैं उन्हें तत्काल ठीक कराने का काम किया जाए। साथ ही बस्ती में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर निगम का अमला विशेष अभियान चलाकर बस्ती में सफाई को और बेहतर करे और नियमित कचरा गाड़ी पहुँचे यह भी सुनिश्चित किया जाए। बस्ती में भ्रमण के दौरान नागरिकों ने साफ-सफाई और बरसात के दौरान पानी एकत्र होने की बात भी सामने रखी। उन्होंने निगम के अधिकारियों से कहा है कि बस्ती में नाली एवं नालों के ऊपर जो अस्थायी अतिक्रमण है उसे हटाया जाए ताकि बरसात का पानी एकत्र न हो सके। बस्ती की सड़क के निर्माण के संबंध में नागरिकों द्वारा मांग रखने पर अपर आयुक्त नगर निगम ने अवगत कराया कि नगर निगम के माध्यम से बस्ती की सड़क निर्माण की फाइल स्वीकृत हो चुकी है। शीघ्र ही बस्ती में सड़क निर्माण का कार्य किया जायेगा। 

posted by Admin
10

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->