निगमायुक्त ने वार्ड 16 का किया औचक निरीक्षण, लापरवाह दो कर संग्रहकों को नोटिस
ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने क्षेत्रीय कार्यालय 5 स्थित वार्ड 16 में साफ सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा जोन कार्यालय में सम्पत्तिकर वसूली के संबंध में जानकारी उपलब्ध न कराने एवं वसूली में लापरवाही को लेकर वार्ड 16 एवं वार्ड 12 के कर संग्रहक को नोटिस जारी करने निर्देश दिए।
निगमायुक्त चौधरी उपनगर ग्वालियर अंतर्गत हजीरा क्षेत्र में वार्ड 16 में सर्वप्रथम जोन कार्यालय का निरीक्षण किया तथा जोन कार्यालय में पदस्थ कर संग्रहकों से संपत्ति कर वसूली की जानकारी प्राप्त की। जानकारी न देने एवं कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वार्ड 12 के कर संग्रहक आशू जाटव एवं वार्ड 16 के कर संग्रहक प्रेम नारायण कुशवाहा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड में निरीक्षण के दौरान कांच मिल रोड पर सीवर फेलते हुए मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सीवर चेम्बर की सफाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिरला नगर सब्जी मंडी में सीएंडडी वेस्ट का मलबा होने पर डब्ल्यूएचओ पर नाराजगी व्यक्त की तथा तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्षेत्र में पशु डेयरी संचालकों द्वारा गोबर नाली में बहाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डेयरी संचालकों पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्षेत्र में जल का अपव्यय करने वालों पर भी कार्यवाही के निर्देश पीएचई के अधिकारियों को दिए।
इसके साथ ही कांच मिल पार्क का निरीक्षण किया तथा पार्क में झूले टूटे पाये जाने पर एवं अन्य अव्यवस्थाएं होने पर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दो दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य बिंदुओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही चंदन नगर में भवन निर्माण कार्य की देरी को लेकर कार्यपालन यंत्री को कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद महेन्द्र आर्य, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री पवन शर्मा, सहायक यंत्री रामसेवक शाक्य, क्षेत्राधिकारी अभय प्रताप सिंह तोमर सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।