किले पर चला सफाई अभियान एक डंपर निकला कचरा , शराब और प्लास्टिक और कांच के टुकड़े बिखरे मिले जगह-जगह
ग्वालियर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज विश्व पर्यटन दिवस पर ग्वालियर किले पर आज नगर निगम एवं दाता बंदी छोड़ किला गुरुद्वारे के सेवादारों ने स्वच्छता अभियान चलाया।
नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव के निर्देशन में नगर निगम ग्वालियर द्वारा निरंतर स्वच्छता जागरूकता हेतु अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत आज अभियान के दौरान एक डंपर से अधिक कचरा एकत्रित किया गया। इस कचरे में सबसे अधिक कांच के टुकड़े, शराब की बोतलें, प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, चाय के कप एवं दोने मिले। चूंकि यह कचरा पूरे किले पर फैला हुआ था, जिसे समेटने में एक सैकड़ा से अधिक वालेंटियरों ने चार घंटे तक मेहनत की। जिससे ग्वालियर का सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पूरी तरह से साफ हो गया।

नगर निगम के आह्वान पर दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारे के सेवादारों, सामाजिक संस्थाओं एवं आईईसी टीम के सदस्यों ने किले पर सफाई अभियान चलाया। सुबह 6 बजे से प्रारंभ हुए सफाई अभियान में एक सैकड़ा से अधिक वालेंटियरंों ने भाग लिया। इस अभियान के दौरान वालेंटियरों को दो-दो के समूहों में बांटा गया, साथ ही सभी को कैरी बैग दिए गए, जिसके बाद सभी वालेंटियरों ने किले पर पड़े एक-एक कचरे को हाथ से बीनना प्रारंभ किया। सबसे अधिक गंदगी मानसिंह महल के सामने स्थित झांडियों से लेकर सास बहू के मंदिर तक मिली।
झाडिय़ों में कचरा बीनना में करनी पड़ी मशक्कत
किले पर स्वच्छता अभियान के दौरान काफी संख्या में कप, दोने प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन शामिल थी, जो कि हवा के साथ उडक़र झाडियों में पहुंच गई थीं। वर्तमान में बारिश का मौसम चल रहा है, जिसके कारण झाडिय़ां काफी ऊंचाई तक पहुंच गई थी, ऐसे में झाडिय़ों के बीच में पहुंचकर कचरा बीनने में वालेंटियरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अभियान के दौरान स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्रीमती सावित्री श्रीवास्तव, श्री प्रमोद धनेले, सुश्री शबनम, श्री अर्जुन, कार्यपालन यंत्री श्री शिशिर श्रीवास्तव, आईईसी समन्वयक सुश्री विजेता सिंह चौहान, डिवाइन, दीक्षा फाउंडेशन एवं म्यूज संस्था सहित बड़ी संख्या में आईसी सदस्य मौजूद रहे।
दुकानदारों को दी समझाइश
मानसिंह महल के पास बने वाहन स्टैण्ड़ के सामने कुछ दुकानदार अपनी दुकानें लगाते हैं, जहां पर चाय, नाश्ता, पानी की बोलतें आदि मिलती हैं। इन सभी दुकानदारों को समझाइश दी गई कि अपने यहां पर डस्टबिन रखें और ग्राहकों से कचरा डस्टबिन में डालने के लिए कहें। साथ ही कचरे को खुले में ना फेंके और सिर्फ टिपर वाहन में ही डालें।
वाहन स्टैण्ड़ पर रोपे पौधे
किला स्थित वाहन स्टैण्ड़ पर दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारे के सेवादारों द्वारा दो पौधे रोपे गए। यह दोनों पौधे बड़े होकर छायादार वृक्ष बनेंगे जिससे किले पर आने वाले पर्यटकों को सुविधा रहेगी।