मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने परख यान से झांसी–सिकरौदा रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिकरौदा रेलवे स्टेशन के डाउन लाइन यार्ड में निर्माणाधीन लॉन्गर लूप लाइन का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कार्य की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। लॉन्गर लूप के निर्माण के बाद आवश्यकता के अनुसार लंबी हॉल मालगाड़ियों को यहां रोकने एवं स्टेबल करने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे मालगाड़ियों के परिचालन को अधिक व्यवस्थित करने तथा मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों के सुचारु संचालन में सहायता मिलेगी।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने सांक स्टेशन स्थित गुड्स शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध सुविधाओं, मालगाड़ियों के परिचालन तथा माल लदान-उतारने से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही निर्माणाधीन नई गुड्स शेड साइडिंग के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कर अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में नई साइडिंग को कमीशन करने के निर्देश दिए। नई साइडिंग के शुरू होने से क्षेत्र में माल परिवहन की क्षमता बढ़ेगी और माल लदान से संबंधित कार्य अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो सकेंगे। तदोपरांत मुरैना रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने सांसद शिवमंगल तोमर से भेंटवार्ता की। इस दौरान मुरैना संसदीय क्षेत्र में रेल विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, चल रही परियोजनाओं तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने रायरू स्टेशन पर गतिशक्ति योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नई गुड्स लाइन के कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने नई लाइन के एलाइनमेंट, बेड निर्माण एवं अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों एवं आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करते हुए कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने ग्वालियर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने ग्वालियर स्टेशन का पुनर्विकास कर रही एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ स्टेशन विकास से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता तथा यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाए रखने तथा रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/उत्तर अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सामान्य अशोक प्रिय गौतम, मंडल इंजीनियर/मुख्यालय हिमांशु गौतम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।