ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा अमानक एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को जोन क्रमांक-08 में सघन निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने लगभग 14 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करते हुए संबंधितों के विरुद्ध 11,200 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग को रोकने के लिए लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पूर्व विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी के मार्गदर्शन में जोन क्रमांक-08 क्षेत्र में दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग एवं भंडारण पाए जाने पर निगम अमले द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग 14 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की गई तथा संबंधितों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 11,200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।