मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित दो दिवसीय सोलर फेयर का समापन हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में सोलर वेंडर्स एवं उपभोक्ताओं ने भाग लिया। फेयर के माध्यम से उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने,सरकारी योजनाओं तथा आधुनिक सोलर तकनीक की उपयोगिता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
फेयर में 19 सोलर वेंडर्स ने भाग लेकर अपने उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुंचाई। विभिन्न स्टॉलों पर घरेलू एवं औद्योगिक उपयोग के लिए उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाले सोलर पैनल, सोलर सिस्टम एवं अन्य उपकरणों के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजन के दौरान उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं प्रधानमंत्री कुसुम योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने सोलर सिस्टम की स्थापना,उसकी कार्यप्रणाली रखरखाव तथा इससे होने वाली बिजली की बचत के बारे में भी जानकारी प्रदान की। आयोजकों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को 78000 रुपए की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके माध्यम से आम परिवार अपने घर पर सोलर सिस्टम लगाकर बिजली के खर्च को कम करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे सकते हैं।
फेयर के समापन अवसर पर मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजन में भाग लेने वाले सभी सोलर वेंडर्स को एवं विद्युत कम्पनी के नोडल अधिकारी मोहित अग्रवाल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सौर ऊर्जा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दो दिवसीय सोलर फेयर ने यह संदेश दिया कि सौर ऊर्जा केवल बिजली बचत का माध्यम ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भर,स्वच्छ एवं हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल,मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल,संयुक्त मानसेवी सचिव दीपक पमनानी, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल बाबा, कार्यकारिणी सदस्य आशीष अग्रवाल, समीर अग्रवाल, राजीव वैश्य, संजय नारायण अग्रवाल, सुनील गोयल, विद्युत कम्पनी के नोडल अधिकारी श्री मोहित अग्रवाल उपस्थित थे।