वृक्षारोपण कार्य को जन आंदोलन बनाया जाए, जिले में 5 लाख पौधे लगायेः प्रभारी मंत्री सिलावट
ग्वालियर। जिले में वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 5 लाख पौधे लगाने की कार्य योजना तैयार की जाए। इस अभियान के तहत समाज के सभी वर्गो को जोड़ा जाए। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में प्रथक-प्रथक कार्य योजना तैयार कर वृक्षारोपण कार्य को जन आंदोलन बनाया जाए। यह बात प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को मुरार सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में कही। बैठक में कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान , पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव, सीओ जिला पंचायत सुजान सिंह रावत, निगम आयुक्त संघ प्रिय उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने वृक्षारोपण के साथ साथ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा है कि ग्वालियर में वृक्षारोपण अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, पुलिस थाने, पुलिस लाइन, हॉस्पिटल परिसर के साथ साथ नवनिर्मित सांदीपनी स्कूल परिसारो में भी वृहत वृक्षारोपण कार्य हाथ में लिया जाए। इसके साथ ही जिले में स्थित पहाड़ियों को भी हरा भरा बनाने की व्यापक पहल की जाए। समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि जिले के सभी स्कूलों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, विद्युत की व्यवस्था के साथ साथ बरसात के दौरान किसी भी स्कूल में बच्चों को परेशानी ना हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को भी निर्देशित किया है कि जिले में स्वास्थ्य सुविधिऐं बैहतर हो, बरसारत के दौरान होने बाली बीमारियों की रोक थाम के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने पुलिस अधीक्षक से चर्चा करते हुए जिले में कानून व्यवस्था चाक चैबंध रखने और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही।