भाजपा सभी समाजों को साथ लेकर विकास की राजनीति करती हैः हेमंत खण्डेलवाल
दतिया। भारतीय जनता पार्टी देश और समाज को जोड़ने वाली पार्टी है। भाजपा ने सदैव “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए सभी वर्गों और समाजों को समान सम्मान एवं अवसर प्रदान करने का कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा किसी एक वर्ग या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति के विकास और सम्मान के लिए कार्य करती है। रावत समाज का सदैव भाजपा को समर्थन रहा है और इस बार भी पार्टी प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को गति देना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को दतिया के मोटेल रिसोर्ट में रावत समाज के प्रबुद्धजनों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग सहित सभी समाजों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। आज देश और प्रदेश में विकास की जो नई तस्वीर दिखाई दे रही है, वह भाजपा की समावेशी सोच और जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। भारतीय जनता पार्टी समाज को बांटने की नहीं, बल्कि जोड़ने की राजनीति करती है। हमारे लिए प्रत्येक समाज समान रूप से सम्माननीय है और सभी की भागीदारी से ही सशक्त भारत और विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी बनकर सेवा का कार्य करता है और यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, पूर्व मंत्री व मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, गंधर्व सिंह रावत, जवाहर सिंह रावत, जगदीश सिंह रावत सहित समाज के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।