मैं फुल टाइम चेंबर का, कोशिश है कि कोई निराश न लौटेंः दीपक अग्रवाल
- चेंबर मानसेवी सचिव ने अपनी बात साझा की
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के चुनावों में मानसेवी सचिव पर 839 मतों से दोबारा जीत दर्ज करने वाले दीपक अग्रवाल ने अब अपने चेंबर सचिवालय में नियमित बैठना शुरू कर दिया है। प्रातः 10.15 से लगातार व्यापारियों व उद्योगपतियों की समस्या का समाधान व मुलाकात के लिये वह सायं 6 बजे तक वहां उपलब्ध रहते हैं। सोमवार को उन्होंने चर्चा में स्पष्ट किया है कि वह फुल टाइम उद्योग व्यापार जगत व चेंबर सदस्यों के सेवक व मित्र है, उनकी कोशिश होगी कि चेंबर से सलाह, मदद के लिये आने वाला व्यक्ति कतई निराश न लौटें।
मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने चेंबर चुनाव के साथ ही आम व्यापारी का भरोसा जीता है और मेरी कोशिश होगी कि यह उनका भरोसा कतई टूटे नहीं। दीपक अग्रवाल ने यह भी कहा कि चुनाव हो चुके हैं नये पदाधिकारियों ने कामकाज भी सम्हाल लिया है, अब हम सब किसी हाउस के नहीं बल्कि चेंबर के है और जो भी व्यापार जगत व उद्योग हित में होगा, वह काम हम सामूहिक रूप से करेंगे। मानसेवी सचिव ने बताया कि जल्दी ही चेंबर की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक भी बुलाई जा रही है और उसमे जो भी रणनीति तय होगी उस पर काम शुरू किया जायेगा। मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि चेंबर ने व्यापार व उद्योग जगत की बेहतरी के लिये काम किया है, इसी कारण चेंबर के चुनावों में इस बार जबरदस्त क्रेज भी था। कई नई सदस्यता के लिये भी संपर्क आये हैं, लेकिन नई सदस्यता के लिये हमारी सदस्यता उपसमिति की बैठक होगी, उसके बाद इस पर भी काम किया जायेगा।
आभार जताया
नवनिर्वाचित मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने अपनी जीत पर सभी चेंबर सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सदस्यों का असीम स्नेह व समर्थन मिला, जिसके लिये वह हमेशा आभारी रहेंगे।