मुख्यमंत्री ने 82.70 लाख से अधिक किसानों को 3308 करोड़ रूपए अंतरित किए

भोपाल| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने खंडवा जिला मुख्यालय में हुये बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 3308 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से अंतरित किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई उन्नत कृषि पर केंद्रित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती-किसानी को लाभदायी बनाने और कृषि को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन न होकर किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है। यह किसानों का अपना कार्यक्रम है, किसान इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खंडवा की बात ही अलग है। अतीत का खानदेश अब कई खासियतों के लिए मशहूर है। यहाँ की काली मिट्टी फसलों के लिए सोने जैसी है। इसीलिए यहां की फसलें भी सोने के भाव बिकती हैं। खंडवा जिले के हर खंड में किसानों की मेहनत से खुशहाली है। बात खेती-किसानी की हो, या जल और पर्यावरण बचाने की, खंडवा हर मामले में अव्वल है। यहां के परिश्रमी किसानों ने अपनी उद्यमशीलता और नवाचारों से पूरे देश और प्रदेश में खेती का एक अलग ही स्टैंडर्ड मॉडल सेट किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से अनुरोध करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव आपका अपना महोत्सव है। इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि परम्परागत खेती अब गुज़रे ज़माने की बात हो गई है। अब आधुनिक और उन्नत खेती का दौर है। किसान बंधु अपने खेत की मिट्टी की जांच करायें। मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार ही फसल लें। बहुत अधिक रायायनिक उर्वरकों का उपयोग करने से बचें, जितनी जल्दी हो सके, प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ें। फसल विविधीकरण अपनाएं। एक ही किस्म की फसल के स्थान पर एक ही समय में खेत में एकाधिक फसल लें। इससे किसानों के खेतों में नई फसल किस्मों की हरियाली आयेगी, साथ ही आमदनी भी बढ़ेगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार लगातार किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। किसान अपनी मेहनत और पसीने से धरती से अन्न उगाते हैं और भूखों को अनाज उपलब्ध कराते हैं। किसानों के प्रति हमारी सरकार के मन में अगाध श्रद्धा और सम्मान है। किसान भाइयों को आज एक साथ 4000 रुपए सम्मान निधि के रूप में उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं। कार्यक्रम में विधायक नारायण पटेल, विधायक श्रीमती छाया मोरे, नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित थे।

प्रदेश में बनेंगे 275 सांदीपनि विद्यालय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है और खंडवा और निमाड़ क्षेत्र को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला हुआ है। निमाड़ के किसानों को सिंचाई के लिए मां नर्मदा का जल मिल रहा है। दो दिन बाद गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश को नए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिलेगी। प्रदेश में पहले चरण में 275 सांदीपनि विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 136 बनकर तैयार हो चुके हैं और 105 विद्यालयों का लोकार्पण भी हो चुका है। दूसरे चरण में हम 200 नये सांदीपनि विद्यालय बनायेंगे। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदाय की जा रही है। प्रदेश में युवाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त नए मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय खोले जा रहे हैं। भारत के युवा खेलों में भी देश का मान बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हाल ही में जहां कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की बेटी सुश्री मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक और श्री राजा मुथुपांडी ने रजत पदक अपने नाम किया है। क्रिकेट में नौजवान खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने विरोधी टीम के छक्के छुड़ाये।

प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खण्डवा में पुलिस बटालियन की स्थापना करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मूंदी से खंडवा के बीच नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
बलराम कृषि महोत्सव की स्मृति के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को किसानों ने हल भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैविक, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान बंधुओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया।


posted by Admin
41

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->