ग्वालियर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने सोमवार रात्रि मेहरा टोल एवं बिजौली क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रोला (22 चक्का) वाहन पकड़े गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि जब्त किए गए दोनों वाहनों को खनिज सामग्री सहित संबंधित थाना परिसर की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रकरण में नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।