जीते चेंबर पदाधिकारी दाल बाजार पहुंचे, आभार यात्रा निकाली
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एंड इण्डस्ट्रीज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सोमवार को अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल के नेतृत्व में दाल बाजार में आभार यात्रा निकाली। आभार यात्रा के दौरान स्थान स्थान पर चेंबर पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। यात्रा में अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल के साथ संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल, सहसचिव दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल बाबा शामिल थे। आभार यात्रा में मानसेवी सचिव पद पर जीते दीपक अग्रवाल बाहर प्रवास पर होने के कारण शामिल नहीं हुये।
चेंबर आफ कामर्स के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत सबसे पहले दाल बाजार समिति के अध्यक्ष दिलीप पंजवानी व सचिव विवेक जैन और उनकी टीम ने किया। इसके बाद स्थान स्थान पर बैंडबाजों की धुन पर पुष्पवर्षा कर सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। दाल बाजार में निकले चेंबर पदाधिकारियों की आभार यात्रा में हर दुकान, मकान, गली में अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल, सहसचिव दीपक पमनानी व कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल बाबा को पुष्पहारों से लाद दिया गया। दाल बाजार में अग्रवाल महासभा के पूर्व अध्यक्ष अशोक गोयल, उनके भाई यश गोयल ने भी अपने संस्थान पर अगवानी की। चेंबर के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य गोविंद राय सिंह ने अपने पुत्र के साथ सभी पदाधिकारियों को पुष्पहार पहनाकर व मिठाई खिलाकर अगवानी की।