ग्वालियर । स्वच्छता में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सभी क्षेत्रों में टिपर वाहन समय पर पहुंचे और नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जाए। साथ ही सफाई कर्मचारियों की सूची सहित पूरी जानकारी दें तथा यह भी बताएं कि कौन-कौन सी बीटें खाली हैं। यह निर्देश निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्वच्छता कार्यों एवं इससे जुडे प्रोजेक्टों की समीक्षा बैठक में दिए।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बैठक में निर्देश दिए कि डोर टू डोर टिपर वाहनों की निगरानी को और बेहतर किया जाए, जिससे यह पता चल सके कि कौन सी जगह गाडियां नहीं पहुंच रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में शहर में 263 टिपर वाहनों से कचरा एकत्रित किया जा रहा है। वहीं स्वच्छता को लेकर शहरवासियों में जागरूकता की कमी को देखते हुए निर्देश दिए कि आईईसी गतिविधियों को बढाया जाए, जिससे आमजन स्वच्छता के प्रति जागरूक हो सकें और सभी घरों से कचरा अलग-अलग कर दिया जाए। वहीं सीबीजी प्लांट को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट को पूरी क्षमता से चलाया जाए। निर्माणाधीन पब्लिक टॉयलेटों के बारे में अधिकारियों ने बताया कि 48 में से 16 का कार्य चल रहा है, निगमायुक्त ने कार्य को तेज गति से करने के निर्देश दिए और सभी पब्लिक टॉयलेटों का निर्माण अति शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक यंत्री शैलेंद्र सक्सेना, पवन शर्मा, राजीव सोनी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।