अग्रबंधु 1 अगस्त को मुंबई में मां मुम्बादेवी को चढ़ाएंगे 5100 फुट की चुनरी
ग्वालियर। अग्रवाल परिचय सम्मेलन द्वारा हर वर्ष निकाली जाने वाली मां लक्ष्मी की चुनरी यात्रा इस बार मुंबई पहुंचेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश ऐरन ने बताया कि 5100 फुट लंबी चुनरी 1 अगस्त को मुंबई के प्रसिद्ध मां मुम्बादेवी शक्तिपीठ’ पर समर्पित की जाएगी। परिवार की खुशहाली और व्यापार में प्रगति के लिए की जाने वाली यह यात्रा 2019 से लगातार देश के शक्तिपीठों पर पहुंच रही है।
अब तक यह चुनरी अग्रोहा, वैष्णो देवी, मैहर, कालीघाट कोलकाता, कामाख्या, अम्बाजी और हरिद्वार में मां गंगा को समर्पित की जा चुकी है। ग्वालियर सहित 11 शहरों के 90 अग्रबंधु 30 जुलाई को मुंबई के लिए रवाना होंगे। बुधवार को शिन्दे की छावनी स्थित कार्यालय पर चुनरी का विधिवत पूजन किया गया। यात्रा में नीलम शाह, बबीता अग्रवाल, ममता ऐरन, रचना लोहिया, मुकेश सिंघल, नरेश अग्रवाल, अनिल गर्ग सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल रहेंगे।