15 अगस्त से पूर्व संग्रहालय का कार्य पूर्ण करेंः निगमायुक्त संघ प्रिय
ग्वालियर। मंगलवार को अचानक निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निर्माणाधीन प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। निरीक्षण पर निकले निगमायुक्त सबसे पहले संग्रहालय पहुंचे और अधिकारियों को 15 अगस्त से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सिरोल स्थित पीएम आवास का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निगमायुक्त को बताया कि अभी तक एम-1 एवं एम-2 में 10 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। उन्होंने एक माह के अंदर पीएम आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद उन्होंने सचिन तेंदुलकर मार्ग के तहत निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हुरावली पुलिया पर जुलाई के अंत तक वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करें, जिससे आमजनों को निकलने में परेशानी ना हो। निगमायुक्त संघ प्रिय इसके बाद कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। वहीं मल्टीलेवल कार पार्किंग में निगमायुक्त ने वर्तमान कार्य की प्रगति रिपोर्ट अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे, श्रीकांत कांटे, सहायक यंत्री मनीष यादव, अमित गुप्ता, पवन शर्मा, रामबाबू दिनकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।