ऑल इंडिया नौ सैनिक कैंप में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय देशभर में प्रथम
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) द्वारा महाराष्ट्र के लोणावला स्थित आईएनएस शिवाजी (INS Shivaji) में आयोजित ऑल इंडिया नौ सैनिक कैंप (AINSC) में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के सभी 17 एनसीसी निदेशालयों को पीछे छोड़कर ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शिविर के दौरान आयोजित कुल 9 प्रतियोगिताओं में निदेशालय ने विशेष रूप से बोट पुलिंग एवं शिप मॉडलिंग प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर सर्वाधिक अंक अर्जित किए, जिसके परिणामस्वरूप निदेशालय ने समग्र चैम्पियनशिप अपने नाम की।
निदेशालय की 36 सदस्यीय टीम में ग्वालियर ग्रुप के 9 कैडेटों (3 महिला एवं 6 पुरुष) ने भी भाग लिया और टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में लेफ्टिनेंट कमांडर अखिल शर्मा, पी आई जी अविनाश, पी.एस. डागुर, अनिरुद्ध कुमार एवं विजय शर्मा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
3 एमपी नेवल यूनिट एनसीसी, ग्वालियर के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर - एट - आर्म्स दीपक सिंह भदौरिया ने सभी विजेता कैडेटों एवं स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, कठोर प्रशिक्षण, समर्पण एवं टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी एनसीसी कैडेट राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय तथा ग्वालियर का नाम निरंतर रोशन करते रहेंगे।