ग्वालियर। कृष्णपिंगला संकष्टी चतुर्थी के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के प्रभारी महेंद्र सिंह ने श्रीकृष्णायन आदर्श गौशाला मुरार में पहुँचकर संतों के सान्निध्य में भगवान श्रीगणेश का पूजन, गुरु वंदन एवं गौ-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गौशाला परिसर में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया तथा गौसेवा एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
लगभग एक घंटे तक गौशाला परिसर का पैदल भ्रमण करते हुए श्री महेंद्र सिंह जी ने गोबर आधारित बायो-सीएनजी (Bio-CNG) संयंत्र, नवनिर्मित गौशाला शेड, भूसा भंडार गृह, गोबर गैस प्लांट, गौमाताओं के विचरण क्षेत्र, आहार एवं जल व्यवस्था सहित विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए गौशाला के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इस अवसर पर महेंद्र सिंह ने कहा कि "गौसेवा ही राष्ट्रसेवा है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संतों के सम्मान, गौसंरक्षण, प्रकृति संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्णायन आदर्श गौशाला देश की चुनिंदा गौशालाओं में से एक है, जहाँ लगभग 10,000 निराश्रित गौमाताओं की सेवा अत्यंत समर्पण और वैज्ञानिक व्यवस्थाओं के साथ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गौमाताओं के लिए स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त खुला विचरण क्षेत्र, पौष्टिक आहार, स्वच्छ जल एवं उत्कृष्ट प्रबंधन इस गौशाला को एक प्रेरणादायी मॉडल बनाते हैं। "जहाँ गौमाता सुखी होती हैं, वहाँ देवताओं का वास होता है। इस पावन भूमि और यहाँ सेवा कर रहे संतों को मैं प्रणाम करता हूँ।"बायो-सीएनजी संयंत्र का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि गोबर से स्वच्छ ऊर्जा, जैविक उर्वरक और पर्यावरण संरक्षण का यह मॉडल 'वेस्ट टू वेल्थ' तथा 'आत्मनिर्भर भारत' की अवधारणा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गौशालाएँ केवल गौसंरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा, प्राकृतिक कृषि, जैविक उत्पाद निर्माण, ग्रामीण रोजगार और सतत विकास की प्रयोगशालाएँ भी बन सकती हैं।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक गौसेवा, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे। महेंद्र सिंह का गौशाला आगमन पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजोरिया, कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, सभापति मनोज तोमर, पूर्व विधायक श्री गोयल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्येन्द्र शर्मा, पार्षद बृजेश श्रीवास सहित जनप्रतिनिधियों एवं गौसेवकों ने गोबर से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं गौसेवक सत्येन्द्र शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन सभापति मनोज तोमर ने व्यक्त किया।