ग्वालियर को मिली यूआईडीएआई संचालित पहले आधार सेवा केंद्र की सौगात
- कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किया शुभारंभ, स्वयं भी कराया आधार अपडेट
ग्वालियर। आधार सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक सुगमता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने गुरुवार को ग्वालियर में पहले नए आधुनिकतम आधार सेवा केंद्र का संचालन आम जनता के लिए प्रारंभ कर दिया है। सचिन तेंदुलकर रोड स्थित इस सर्वसुविधायुक्त केंद्र का औपचारिक उदघाटन जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा फीता काटकर और दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर यूआईडीएआई राज्य कार्यालय, भोपाल के निदेशक सुमित मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा, आधार सभी भारतीय नागरिकों की पहचान का बहुत ही इंपॉर्टेंट डॉक्यूमेंट है। समय-समय पर सभी नागरिकों को अपने आधार के बायोमेट्रिक अपडेट करना, मोबाइल नंबर अपडेट करना या नाम में सुधार कराना इत्यादि सर्विसेज की आवश्यकता लगती है। खास करके जो हमारे स्कूल के छोटे बच्चे हैं, जो नवीन सत्र में स्कूल में पहली बार प्रवेश कर रहे हैं, उनके लिए आधार होना बहुत अनिवार्य है। इस प्रकार के सेंटर्स निश्चित रूप से एक एडिशनल सर्विस के रूप में यहाँ के नागरिकों के लिए उपलब्ध हैं। यह एक सर्वसुविधा युक्त सेंटर है। यूआईडीएआई का यह नया केंद्र सप्ताह के सातों दिन कार्यरत रहेगा, जिससे कामकाजी लोगों और व्यवसायियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, यहाँ ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की भी व्यवस्था है ताकि नागरिक अपनी सुविधानुसार समय (टाइम स्लॉट) बुक कर सकें और बिना ज्यादा इंतजार किए अपना कार्य करा सकें। कार्यक्रम में यूआईडीएआई राज्य कार्यालय भोपाल के निदेशक सुमित मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में यूआईडीएआई के ऐसे 12 आधार सेवा केंद्र सफलतापूर्वक कार्यरत हैं। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में आधार सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अगले तीन महीनों के भीतर 24 और जिलों में यूआईडीएआई के नए आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाने की प्रक्रिया प्रगति पर है।