ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं यातायात सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक मदाखलत अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अपर आयुक्त (मदाखलत) प्रदीप तोमर एवं नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान के निर्देशन में संबंधित मदाखलत अधिकारियों के नेतृत्व में की गई।
निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में ठाठीपुर मुख्य मार्ग, मेट्रो टॉवर, गोविंदपुरी, मुरार बारादरी एवं सदर बाजार अग्रसेन चौराहा तक सड़क एवं फुटपाथों पर यातायात में बाधक हाथ ठेले, सब्जी फड़, दुकानों के बाहर रखे स्टैंड एवं अन्य अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान कई हाथ ठेले एवं अन्य सामान जप्त कर संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी सतेंद्र भदोरिया के नेतृत्व में महाराज बाड़ा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सड़क घेरकर रखी गई ताला बंद पेटियां, माल सहित चार पहिया हाथ ठेले, लोहे के स्टैंड, प्लाई बोर्ड एवं अन्य अवैध सामान हटाकर कुल 5 गाड़ी सामान जप्त किया गया। इसी क्रम में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी रवि कुमार कोरी के निर्देशानुसार किलागेट रोड, इंटेक मैदान रोड, चार शहर का नाका रोड एवं हजीरा चौराहा क्षेत्र में सड़क एवं फुटपाथ पर रखे हाथ ठेलों, सामान एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाकर आवागमन मार्ग को सुचारु बनाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसौदिया, आजाद खान, श्रीकांत सेन सहित दक्षिण, ग्वालियर, पूर्व, ग्रामीण एवं आवारा मवेशी दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।