महिला हॉकी अकादमी की 4 बेटियों ने जापान में लहराया भारत का परचम
ग्वालियर। महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर की चार बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल शहर, बल्कि मध्यप्रदेश और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में जापान के काकामीगहारा में आयोजित हुए महिला अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली ग्वालियर की चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का कलेक्ट्रेट में सम्मान किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने इन खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई व उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने एशिया कप में ब्रांज मैडल जीता है।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कलेक्ट्रेट में आयोजित हुए सम्मान कार्यक्रम में कहा कि इन युवा महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की ये बेटियां प्रदेश की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेंगीं। छोटे-छोटे शहरों में पली-बढ़ीं इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कलेक्टर ने चारों खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके खेल सफर, पारिवारिक पृष्ठभूमि, प्रशिक्षण और सफलता तक पहुंचने के अनुभवों की जानकारी ली। साथ ही भविष्य में भी इसी लगन और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। ग्वालियर स्थित शिवाजी राव पवार उत्कृष्ट हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं कु. नौशीन नाज, कु. नम्मी गीताश्री, कु. स्नेहा देवड़े एवं कु. महक परिहार ने महिला अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने देश को गौरवान्वित किया।
कु. नौशीन नाज पूरे एशिया कप टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी (टॉप स्कोरर) रहीं। उन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से कुल 16 गोल दागकर भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सम्मान कार्यक्रम में अपर आयुक्त नगर निगम टी. प्रतीक राव एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जोसेफ बक्सला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।