सोशल मीडिया पर माधव की एक पोस्ट से चेंबर की राजनीति हिली, सराफे की सड़क का काम शुरू
ग्वालियर। सोशल मीडिया की एक पोस्ट ने आखिर सराफा बाजार व डीडवाना ओली की खुदी पड़ी सड़क की कायापलट की राह खोल दी। अब आज से सराफे में खोदी गई सड़क का सीमेंट कांक्रीट से रिपेयर का काम शुरू हो गया हैं।
दरअसल हुआ यूं कि सराफा बाजार, डीडवाना ओली की पाईप लाइन को लेकर खुदी सड़क से रोज राहगीर परेशान हो रहे हैं। जाम लग रहे हैं और दो पहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर चेंबर के सदस्य, बर्तन व्यापारी संघ के सचिव माधव अग्रवाल ने फेसबुक पर पोस्ट लिखी कि यदि सराफा बाजार की सड़क ठीक नहीं हुई तो सराफा व डीडवाना ओली के व्यापारी चेंबर का वोट नहीं करेंगे और न चेंबर प्रत्याशी यहां आये। इसका समर्थन भी तत्काल सोना चांदी व्यवसायी संघ व टोपी बाजार संघ ने कर दिया, जिसके कारण चेंबर के सदस्य व्यापारी भी नाराज हो गये। बात चेंबर चुनावों के बहिष्कार तक की चल निकली।
इसके बाद चेंबर अध्यक्ष व स्वतंत्र उम्मीदवार डा. प्रवीण अग्रवाल, क्रियेटिव हाउस के संयुक्त अध्यक्ष पद प्रत्याशी सुरेश बंसल आदि सभी सड़क के लिये लग गये। मंत्री, सांसद और निगमायुक्त से बात की। इसी बीच व्हाईट हाउस के प्रत्याशी पारस जैन की भी नींद टूटी, उन्होंने भी अपने नेता विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से निगमायुक्त की बात कराई। अब स्थिति यह है कि सराफा बाजार व डीडवाना ओली की सड़क की पेचवर्क शुरू हो गई है और सराफा बाजार के व्यापारी बर्तन व्यवसायी संघ के सचिव माधव अग्रवाल का आभार जता रहे हैं।
मैंने तो जनहित देखाः माधव
इस संदर्भ में युवा व्यवसायी माधव अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने तो जनहित देखा, क्योंकि वाहन चालक रोज गिर रहे थे और जाम लग रहा था। खुदाई से सड़क भी छोटी हो गई थी। खुशी है कि सीमेंट कांक्रीट से पेचवर्क कर सड़क ठीक करने का काम निगम ने शुरू कर दिया हैं।