ग्वालियर। नए क्रय किए गए वाहनों को शीघ्र कार्य में शामिल किया जाए तथा सभी वाहनों के बीमा, पंजीयन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखे जाएं। यह निर्देश बुधवार को निगम आयुक्त संघ प्रिय ने विद्युत विभाग एवं स्मार्ट सिटी अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर शहर की विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा करते हुये दिए।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्ट्रीट लाइट संधारण कार्य में उपयोग की जा रही हाइड्रोलिक मशीनों की जानकारी लेते हुए उनकी कार्यक्षमता पर चर्चा की। बैठक में निगम आयुक्त संघ प्रिय ने आवश्यकतानुसार नई स्ट्रीट लाइटों एवं स्पेयर पार्ट्स की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दो दिवस के भीतर आवश्यक प्रस्ताव एवं अनुमान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की किसी भी सड़क पर अंधेरा नहीं रहना चाहिए तथा सभी स्ट्रीट लाइटें नियमित रूप से संचालित रहें। बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, सहायक यंत्री रामबाबू दिनकर, श्रीमती अभिलाषा बघेल सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।