स्वच्छता के साथ बदलेगी मानसिकता, घर-घर पहुंच रही जागरूकता की मुहिम
ग्वालियर। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत डिवाइन, म्यूज एवं दीक्षा फाउंडेशन की टीम घर-घर पहुंचकर नागरिकों को कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की जानकारी दे रही है।
निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशानुसार टीम द्वारा आमजन को गीला, सूखा, बायो-मेडिकल तथा हानिकारक कचरे की अलग-अलग पहचान और उन्हें अलग अलग डस्टबिनो में एकत्रित करने के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। साथ ही नागरिकों को अपने घरों में ही कचरे का पृथक्करण करने की सरल विधियां समझाई जा रही हैं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। अभियान के दौरान लोगों को गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया भी बताई जा रही है। इससे न केवल कचरे की मात्रा कम होगी, बल्कि घरों और बगीचों के लिए उपयोगी खाद भी तैयार की जा सकेगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सकारात्मक सोच और जिम्मेदार व्यवहार से जुड़ी हुई है। इसी उद्देश्य के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उनकी मानसिकता में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।