डबरा। पूज्य सिंधी पंचायती गुरुद्वारा में 1 मई से 31 मई तक आयोजित एक माह के समर कैंप का रविवार को भव्य समापन समारोह के साथ समापन हुआ। 18 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस कैंप में इस वर्ष लगभग 170 बच्चों ने भाग लेकर विभिन्न कलाओं और रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कैंप के दौरान बच्चों को सिंधी भाषा, गुरमुखी, ड्राइंग, पेंटिंग, कैलीग्राफी, आर्ट एंड क्राफ्ट्स, डांस, मेहंदी, भजन, हाथ कढ़ाई सहित कई विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संयोजक सेवक बजाज ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना, सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना और गर्मी की छुट्टियों का रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करना है। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का संचालन युवा मेकओवर आर्टिस्ट पायल साहवानी ने किया। उपस्थित अतिथियों ने समर कैंप के सफल आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक मंडल एवं सेवक बजाज की टीम को बधाई दी।