नगर निगम मुख्यालय में ई-ऑफिस प्रशिक्षण आयोजित, 50 कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण
ग्वालियर । शासन के निर्देशानुसार नगर निगम ग्वालियर में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने एवं कार्यालयीन कार्यों को पूर्णतः डिजिटल बनाने की दिशा में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रशिक्षण कार्यक्रम निगम मुख्यालय में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस के प्रभावी संचालन, ऑनलाइन फाइल प्रबंधन तथा डिजिटल कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नोडल अधिकारी शैलेंद्र सक्सेना ने अधिकारी एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली की विभिन्न प्रक्रियाओं, फाइल संचालन, ऑनलाइन अनुमोदन, डिजिटल हस्ताक्षर एवं दस्तावेज प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं दक्षता सुनिश्चित होगी तथा कागज आधारित कार्यप्रणाली में कमी आएगी। इस अवसर पर नगर निगम के विभिन्न विभागों के लगभग 50 कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को ई-ऑफिस पोर्टल पर लॉगिन प्रक्रिया, फाइलों के ऑनलाइन संचालन, नोटशीट तैयार करने, दस्तावेज अपलोड करने एवं अनुमोदन प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।