विश्व पर्यावरण दिवस पर निकलेगी ई-बाइक रैली, अपर आयुक्त राव ने की बैठक
ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाले पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सामाजिक संस्थाओं के साथ एक बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बाल भवन के टीएलसी कक्ष में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बताया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को शहर में ई-बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मर्सी होम में पौधारोपण, विभिन्न पार्कों में वृक्षारोपण, चैराहों पर ग्रीन शेड स्थापना, पक्षियों हेतु दाना-पानी की व्यवस्था, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन लगाना तथा कपड़े के थैलों का वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में उपस्थित सभी संस्थाओं ने विश्व पर्यावरण दिवस के कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक नोडल एसबीएम शैलेन्द्र सक्सैना, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चैहान एवं सुश्री दीपाली पांडे उपस्थित रहे।