ग्वालियर । बारिश से पहले जलभराव को रोकने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे नाला सफाई अभियान चलाकर नाला सफाई कार्य किया जा रहा है। नाला सफाई अभियान के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा 312 नाले साफ किए जा चुके हैं। शनिवार को नगर निगम के सफाई अमले ने 11 नालों को जेसीबी, पोकलेन एवं मैनुअल लेबर लगाकर साफ किया गया। नगर निगम के मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है। ग्वालियर में लगभग छोटे बड़े 334 नाले सफाई के लिए चिन्हित किए हैं, इनमें से नगर निगम अभी तक 312 नाले साफ कर चुका है। नालों की सफाई के लिए निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर बडे नालों को जेसीबी, पोकलेन मशीन के माध्यम से साफ किया जा रहा है। वहीं छोटे नालों को मैनुअल साफ किया जा रहा है, जिससे बारिश के मौसम में शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति ना बने।