नगर निगम ने दिन में बनाई नई सड़क, पिता-पुत्र ने रात में जेसीबी से खोद डाली, मामला दर्ज
ग्वालियर। नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 11 में डाली गई नई सड़क को रात के समय जेसीबी की मदद से पिता एवं पुत्र ने खोद दी। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना नगर निगम के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी ने पुलिस में शासकीय कार्य में बाधा डालने का ग्वालियर थाने में मामला दर्ज कराया है।
वार्ड क्रमांक 11 स्थित कबीर पार्क के सामने प्रसाद नर्सिंग होम वाली गली गोसपुरा नंबर 2 में काफी समय से क्षतिग्रस्त सडक का निर्माण नगर निगम द्वारा मंगलवार को कराया गया था। निर्माण कार्य के दौरान सड़क डालने से डालचंद्र कुशवाह एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाह निवासी वार्ड क्रमांक 11 स्थित कबीर पार्क के सामने प्रसाद नर्सिंग होम वाली गली गोसपुरा नंबर 2 ने निगम के कर्मचारियों एवं ठेकेदार को रोका। इस दौरान नगर निगम के कर्मचारियों ने पिता-पुत्र को समझाया जिसके बाद उन्होंने सडक डालने दी। सडक का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नगर निगम का अमला वापस लौट आया, रात करीब 10 बजे डालचंद्र कुशवाह एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाहा ने जेसीबी की मदद से नई डाली गई सडक को 20 से 25 मीटर खोद दी। सूचना मिलने पर कर्मचारी शिवप्रताप एवं समीर सिंह तोमर मौके पर पहुंचे तो उन्हें वहां पर डालचंद्र कुशवाह एवं उसके पिता भागीरथ कुषवाह ने जान से मारने की धमकी दी । इस घटना की सूचना कर्मचारियों ने नगर निगम के क्षेत्राधिकारी रामू सिंह को दी। क्षेत्राधिकारी ने डालचंद्र कुशवाह एवं उसके पिता भागीरथ कुशवाह के खिलाफ ग्वालियर थाने में शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया है।