ई-स्कूटर अनुदान योजना से श्रमिक सोनेराम को 40 हजार की सहायता, कलेक्टर श्रीमती चौहान ने सौंपा स्वीकृति पत्र
ग्वालियर। प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित “भवन एवं अन्य संनिर्माण ई-स्कूटर हेतु अनुदान योजना” के तहत ग्वालियर के पंजीकृत निर्माण श्रमिक सोनेराम राजपूत को 40 हजार रुपये की अनुदान सहायता मिली है। सोमवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने ग्वालियर के सोनेराम को 40 हजार रुपये की अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र सौंपा। इस अवसर पर अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद भी मौजूद थे। सोनेराम राजपूत नगर निगम ग्वालियर में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। पात्र पाए जाने पर उन्हें यह सहायता राशि स्वीकृत की गई है। योजना के अंतर्गत न्यूनतम 5 वर्ष से पंजीकृत एवं ड्राइविंग लाइसेंसधारी निर्माण श्रमिक द्वारा स्वयं के नाम पर ई-स्कूटर खरीदने पर वाहन की कीमत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 40 हजार रुपये तक की राशि श्रम विभाग द्वारा डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाती है।