जीडीए अध्यक्ष भदौरिया ने की प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा
- लंबित कार्यों, भुगतानों व अतिक्रमण संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
ग्वालियर। जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया ने सोमवार को ग्वालियर विकास प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक में प्राधिकरण के लंबित तकनीकी कार्यों, लंबित भुगतानों एवं विभिन्न योजनाओं में हुए अतिक्रमण की जानकारी तकनीकी शाखा से आगामी तीन दिवस में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जीडीए अध्यक्ष भदौरिया ने लंबित विकास कार्यों को नियमानुसार शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में माधव प्लाजा योजना की अविक्रित संपत्तियों के विक्रय हेतु विशेषज्ञ एजेंसी से सुझाव प्राप्त करने, योजना के रखरखाव, टीडीएस-4 योजना के क्रियान्वयन तथा टीडीएस-5 योजना को पूर्व में बोर्ड द्वारा समाप्त किए जाने के कारणों की समीक्षा की गई। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि प्राधिकरण की प्रस्तावित नवीन योजनाओं में टीएनसीपीई द्वारा किसी भी प्रकार की अनुमति प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना जारी न की जाए तथा इस संबंध में सख्ती से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अध्यक्ष श्रीभदौरिया ने सभी अधिकारियों को चुस्ती एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री नरोत्तम भार्गव, संपदा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।