ग्वालियर। सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले अपर आयुक्त टी प्रतीक राव को विनय नगर क्षेत्र में काफी गंदगी मिली। गंदगी को देखकर उन्होंने डब्ल्यूएचओ को फटकार लगाई। वहीं विनय नगर में कर्मचारियों को बुलाकर उनकी गिनती कराई तो आधे सफाई कर्मचारी गायब मिले। विनय नगर में गाड़ी धुलाई सेंटर चलता मिला, अपर आयुक्त ने धुलाई सेंटर की मशीन को जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शनिवार सुबह शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कटी घाटी स्थित पार्क को देखा। पार्क में उन्हें गंदगी मिली, जिसे देखकर उन्होंने डब्ल्यूएचओ को फटकार लगाई, साथ ही पार्क की गंदगी को साफ करने के निर्देश दिए। साथ ही हॉकर्स जोन में भी गंदगी मिली, जिसे साफ करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद उन्होंने विनय नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें कर्मचारी काम करते हुए नहीं दिखे। उन्होंने डब्ल्यूएचओ को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को बुलाया जाए। जिससे उनकी हाजिरी चेक की जा सके। डब्ल्यूएचओ से कर्मचारियों की संख्या पूछने पर उसने बताया कि वार्ड में 45 कर्मचारी काम कर रहे हैं। कर्मचारियों की गिनती करने पर आधे कर्मचारी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने शब्दप्रताप आश्रम स्थित नाले का निरीक्षण किया, वहांं उन्हें गदंगी मिली। निरीक्षण के दौरान उन्हें गाड़ी धुलाई सेंटर संचालित होता मिला, उन्होंने धुलाई सेंटर को बंद कराने एवं 2 हजार रुपए का जुर्माना किया ।