नवगठित छठवां राज्य वित्त आयोग 20 मई को ग्वालियर प्रवास पर रहेगा
- आयोग के अध्यक्ष पवैया की अध्यक्षता में होंगीं संभाग स्तरीय बैठकें
ग्वालियर । नवगठित छठवां राज्य वित्त आयोग 20 मई को ग्वालियर प्रवास पर रहेगा। इस दिन राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होंगीं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में प्रात: 11.30 बजे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पर जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में ग्वालियर जिले के मंत्रिगण, सांसद व विधायकगण, महापौर, नगर निगम सभापति, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं स्थानीय नगरीय निकाय व पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से वित्तीय स्थिति पर चर्चा की जायेगी एवं जनप्रतिनिधियों के सुझाव लिए जायेंगे। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में 20 मई को दोपहर 2.30 बजे चंद्रबदनी नाका के समीप स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभागीय आयुक्त, ग्वालियर संभाग के विभिन्न जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त ग्वालियर एवं ग्वालियर संभाग के समस्त जिला मुख्यालयों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक होगी। इस बैठक के बाद अपरान्ह 4 बजे संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में ही संभागीय आयुक्त, संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं संभाग के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक होगी।
इन बैठकों में ग्वालियर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों के स्थानीय नगरीय निकाय एवं पंचायत राज संस्थाओं के वित्तीय वर्ष 2025-26 व वित्तीय वर्ष 2026-27 के व्यय और आय के वास्तविक व प्रस्तावित आंकड़ों की समीक्षा की जायेगी। साथ ही कुल व्यय में स्थापना व्यय व पूंजीगत व्यय का अनुपात, निकायों के मूल दायित्वों जैसे स्वच्छता व ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रकाश, पेयजल व सीवेज इत्यादि की व्यवस्था, 15वा वित्त आयोग की अनुशंसा के संबंध में प्राप्त राशि के उपयोग की स्थिति, राजस्व संग्रहण बढ़ाने के उपायों की स्थिति, निकायों के वित्तीय रूप में सक्षम व स्वावलम्बी बनाने के लिये सुझाव, संभाग के सभी जिलों को अपने नगरीय निकाय एवं पंचायत राज संस्थाओं के लिये आयोग से अपेक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार मंथन होगा।