कलेक्टर ने निगम आयुक्त के साथ विभिन्न बस्तियों में किया जनगणना कार्य का निरीक्षण

- अपनी मौजूदगी में प्रगणकों से कराई मकानों की ऑनलाइन गणना 
ग्वालियर। जनगणना की वस्तुस्थिति जानने एवं इस काम में तेजी लाने के लिये कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान मंगलवार को नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के साथ शहर की विभिन्न बस्तियों में पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने अपनी मौजूदगी में संबंधित प्रगणकों के माध्यम से विभिन्न घरों में पहुँचकर ऑनलाइन जनगणना की जानकारी भरवाई। साथ ही जनगणना का अच्छा काम कर रहे प्रगणकों को शाबाशी देकर प्रोत्साहित किया व इस महत्वपूर्ण काम के प्रति लापरवाह प्रगणक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान स्थानीय निवासियों से भी चर्चा की और जनगणना के महत्व को रेखांकित किया। 
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने मंगलवार को न्यू सारिका नगर एवं गोविंदपुरी में चल रहे जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सारिका नगर स्थित मकान नं. 20 में पहुँचकर यहां की प्रगणक श्रीमती वैभवी पटवर्धन के माध्यम से घर मालिक श्रीमती रामकटोरी धाकड़ से 34 बिंदुओं की जानकारी पूछकर मकान गणना का काम कराया। प्रगणक श्रीमती वैभवी पटवर्धन को दो दिन पहले ही गणना का काम सौंपा गया है। उन्होंने मात्र दो दिन में अपने क्षेत्र के 150 मकानों में से 100 मकानों की गणना पूरी कर ली है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने श्रीमती वैभवी पटवर्धन को इसके लिये शाबाशी देकर प्रोत्साहित किया। साथ ही उनका मुँह मीठा भी कराया। गोविंदपुरी क्षेत्र में जनगणना कार्य का जायजा लेने के दौरान इस क्षेत्र की एक गली में मकान गणना की गति धीमी पाई जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इस क्षेत्र के प्रगणक हरीबाबू शिवहरे को मकान गणना के काम में तेजी लाने के लिये सख्त चेतावनी दी। साथ ही उनकी एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने इस दौरान गोविंदपुरी स्थित मकान नं. एच-23 की मकान गणना भी प्रगणक के माध्यम से कराई। मकान मालिक के बेटे कृष्णा सिसोदिया से 34 प्रश्न पूछकर मकान गणना की कार्रवाई पूर्ण की गई। 
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान प्रगणकों से कहा कि लोगों से पूछकर और उनकी सहमति से सभी प्रविष्टियां पूर्ण एवं सटीक भरी जाएं। एचएलबीसी पोर्टल पर दर्शायी गई सीमाओं में विसंगति होने पर वास्तविक भौगोलिक सीमाओं के आधार पर एचएलबी (हाउसलिस्टिंग ब्लॉक) का निर्धारण किया जाए। कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार सहित जनगणना पर्यवेक्षक व संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 

प्रथम चरण में हो रही है मकानों की गणना 
ग्वालियर जिले में भी जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा निर्धारित जनगणना कार्यक्रम के तहत जनगणना का प्रथम चरण जारी है। प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप “Census 2027-HLO” का उपयोग कर डिजिटल रूप से जनगणना की जानकारी भर रहे हैं। गत 01 मई से शुरू हुआ जनगणना का प्रथम चरण 30 मई तक चलेगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जा रहा है। प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुँचकर मोबाइल एप पर निर्धारित प्रपत्र में जनगणना संबंधी 34 बिंदुओं में जानकारी भरी जा रही है। साथ ही लोगों द्वारा पोर्टल पर स्व-गणना के तहत भरी गई जानकारी का सत्यापन भी प्रगणकों द्वारा किया जा रहा है। दोनों तरह से प्राप्त डाटा की बहुस्तरीय जाँच होगी। पहले यह कार्य पर्यवेक्षकों द्वारा किया जायेगा। साथ ही चार्ज अधिकारी भी मैदान में जाकर पुन: सत्यापन कर त्रुटियां ठीक करायेंगे।  

बेझिझक दें सही-सही जानकारी, पूरी तरह रहेगी गोपनीय 
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने अपील की कि जनगणना के लिये आने वाले प्रगणकों को बेझिझक सही-सही जानकारी दें। आपके द्वारा दी गई जानकारी पूर्णत: गोपनीय रहेगी। साथ ही ऐसा स्पष्ट प्रावधान है कि आपके द्वारा दी गई जानकारी का उपयोग साक्ष्य के रूप में स्वीकार नहीं होगा। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना के आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिये आधार बनते हैं।  


posted by Admin
17

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->