यह अहंकारियों की पराजय और राष्ट्रवाद की जीतः मुख्यमंत्री डा. यादव
ग्वालियर। पांच राज्यों के चुनावी रुझानों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कहना है कि होली, दिवाली जैसे त्योहारों की तरह आज आनंद का माहौल है। सोमवार को आये विधानसभा चुनावों के परिणाम अहंकारियों की पराजय और राष्ट्रवाद की जीत है।
सोमवार को ग्वालियर प्रवास पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव आये थे। विमानतल पर पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में मुख्यमंत्री ने पांच राज्यों के परिणामों को राष्ट्रवाद और लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि होली, दिवाली जैसे त्योहारों की तरह आज आनंद का माहौल है। यह अहंकारियों की पराजय और राष्ट्रवाद की जीत है। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत को लेकर कहा कि वहां घुसपैठियों और देशविरोधी ताकतों के साथ खड़े रहने के कारण जनता ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर अविश्वास जताया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया है। उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत बताते हुये बधाई दी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी भाषा लोकतंत्र के पावन मंदिर को भी प्रभावित करती है और अराजकतत्वों को बढ़ावा देती है।