मैं स्व. बंसल जी का तीसरा पुत्रः डॉ. जमाल यूसुफ
- जन स्वास्थ्य के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायी उदाहरणः आशीष अग्रवाल
- स्व. बंसल जी ने जीवनभर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दीः विवेक शेजवलकर
- नर सेवा ही नारायण सेवाः कुलगुरू आचार्य
- स्व. श्री राजकुमार बंसल जी के पंचम पुण्य स्मरण पर निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर आयोजित
- शिविर में चार सैकड़ा से ज्यादा मरीजों को मिला परामर्श
ग्वालियर। मैं स्व. बंसल जी का तीसरा पुत्र ही हूं। मैं खुद को को पंकज और धीरज जैसा ही मानता हूं। मुझे अभी भी याद है मेरा संपर्क स्व. बंसल साहब से तब से है जब मेरी एन्ट्री मेडीकल कालेज में हुई थी और बंसल साहब मुझे रैगिंग से वैसे ही बचाते थे जैसे किसी छोटे बच्चे को बचाते है। यह बात सुविख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ जीबी पंत हास्पीटल नई दिल्ली के डॉ. जमाल यूसुफ ने शनिवार को स्व. श्री राजकुमार बंसल जी के पंचम पुण्य स्मरण पर आयोजित पुष्पांजलि सभा और निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर के अवसर पर कही। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि किसी सच्चे महापुरूष को श्रद्धांजलि उनके संस्कारों से ही दी जा सकती है और यह संस्कार उनके सुपुत्रों में साफ दिखते है जो हर वर्ष मानव सेवा जैसा पुनीत कार्य करते है।
शनिवार को मप्र स्टेट फार्मेसी काउंसिल मप्र शासन के पूर्व सदस्य और नेहरू युवा केन्द्र के पूर्व सदस्य स्व. राजकुमार बंसल जी की 5वीं पुण्यतिथि पर किडीज कार्नर स्कूल गणेश कालोनी नया बाजार पुष्पांजलि सभा और निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। पुष्पांजलि सभा का प्रारंभ गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवी संस्थाओं ने स्वर्गीय बंसल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। पुष्पांजलि सभा में सुविख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ जीबी पंत हॉस्पिटल नई दिल्ली के डॉक्टर जमाल युसूफ को स्वर्गीय बंसल के परिवार ने स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डा. जमाल यूसुफ ने कहा कि समाज सेवा का यह कार्य सराहनीय है और स्वर्गीय राजकुमार बंसल जी की स्मृति में जिस प्रकार का सेवा कार्य बंसल परिवार कर रहा है, वह समाज के लिए एक अनुकूल संदेश देता है। उन्होंने कहा कि किसी की पुण्यतिथि पर पीड़ित और जरूरतमंद मरीजों के लिए इस तरह का चिकित्सा शिविर लगाना ही उन्हें दी जाने वाली सबसे सच्ची श्रद्धांजलि है। डॉ. यूसुफ ने मरीजों को परामर्श देते हुए स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि गर्मी के समय में शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखनी चाहिए ताकि हृदय और शरीर के अन्य अंग सुचारू रूप से कार्य कर सकें। उन्होंने बंसल परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों में अपना सहयोग और विशेषज्ञ सेवाएं देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि आज मरीजों को देखा जा रहा है, जरूरत पड़ने पर दिल्ली में स्टैंड भी डाले जाएंगे। पुष्पांजलि सभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इस आयोजन को समाज सेवा और जन स्वास्थ्य के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायी उदाहरण बताया। आशीष अग्रवाल ने कहा कि स्व. राजकुमार बंसल जी की स्मृति में परिवार द्वारा आयोजित यह शिविर जनकल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल है, जिससे आम नागरिकों को सीधे तौर पर विशेषज्ञ चिकित्सा लाभ मिल रहा है। उन्होंने इस पुनीत सेवा कार्य के लिए बंसल परिवार को हृदय से साधुवाद और बधाई दी। उन्होंने डॉ. जमाल यूसुफ जैसे वरिष्ठ विशेषज्ञों की सेवाओं की प्रशंसा की, जो इस शिविर के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि स्वर्गीय राजकुमार बंसल जी की स्मृति में उनके परिवार, विशेष रूप से उनके सुपुत्र धीरज बंसल द्वारा हर वर्ष लगाया जाने वाला यह शिविर समाजसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। शेजवलकर जी ने स्व. बंसल जी को एक वरिष्ठ समाजसेवी और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि शिविर में दिल्ली के जी.बी. पंत अस्पताल के सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जमाल यूसुफ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिससे ग्वालियर के मरीजों को उच्च स्तरीय परामर्श मिल रहा है। पूर्व सांसद ने जोर देकर कहा कि किसी की याद में पीड़ित मानवता की सेवा के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना ही उन्हें दी जाने वाली सबसे सच्ची श्रद्धांजलि है। इस मौके पर जीवाजी विश्वविघालय के कुलगुरू डा. राजकुमार आचार्य ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना ही सबसे बड़ा धर्म है। स्व. बंसल जी की याद में उनके पुत्रों द्वारा निःशुल्क ह्रदय रोग जांच शिविर लगाना उनके संस्कारों को दिखाता है। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है, जो कि एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने बंसल परिवार की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी द्वारा अपने बुजुर्गों की स्मृति में ऐसे सेवा कार्य करना युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। पुष्पांजलि सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व निगम सभापति लालजी जादौन, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीलिमा शिंदे, वरिष्ठ पत्रकार राकेश अचल, ब्रह्माकुमारी केन्द्र के प्रहलाद भाई, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने भी अपने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष कनवर मंगलानी और आभार प्रदर्शन पंकज राजकुमार बंसल ने किया।
निःशुल्क ह्रदय रोग जांच शिविर में 400 मरीजों को मिला परामर्श
स्व. श्री राजकुमार बंसल की 5वीं पुण्यतिथि (पंचम पुण्य स्मरण) के उपलक्ष्य में आयोजित निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। स्वर्गीय बंसल के सुपुत्र धीरज बंसल ने बताया कि इस शिविर में ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 400 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञों द्वारा उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। दिल्ली के प्रसिद्ध जी.बी. पंत अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जमाल यूसुफ ने व्यक्तिगत रूप से मरीजों की जांच की और उन्हें हृदय रोगों से बचाव के उपाय बताए। शिविर में परामर्श के साथ-साथ ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी पूरी तरह निःशुल्क की गईं। परामर्श के बाद डॉक्टर की पर्ची के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। आयोजन का उद्देश्य यह था कि मरीज को न केवल अपनी बीमारी का पता चले, बल्कि उसे इलाज शुरू करने के लिए प्रारंभिक दवाएं भी बिना किसी खर्च के मिल सकें। दवाइयों और शिविर की पूरी व्यवस्था धीरज राजकुमार बंसल और बंसल परिवार द्वारा अपने पूज्य पिताजी की स्मृति में जनहित के लिए की गई थी। यह कदम उन मरीजों के लिए विशेष रूप से सहायक रहा जो आर्थिक रूप से कमजोर थे और महंगी हृदय संबंधी दवाइयां खरीदने में असमर्थ थे। इससे पहले शिविर का उदघाटन दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
इन्होंने अर्पित की स्व. बंसल जी को श्रद्धांजलि
स्व. श्री राजकुमार बंसल जी की 5वीं पुण्यतिथि पर आयोजित इस शिविर की शुरुआत एक भावपूर्ण पुष्पांजलि सभा के साथ हुई। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य नागरिकों और राजनेताओं ने स्व. बंसल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में चेंबर आफ कामर्स अध्यक्ष डा प्रवीण अग्रवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, अग्रवाल परिचय सम्मेलन के अध्यक्ष राजेश ऐरन, समाजसेवी विजय गर्ग, काली माता मंदिर के महंत रामनारायण जी, स्वदेश के प्रमुख यशवर्धन जैन, वरिष्ठ पत्रकार विनय अग्रवाल, भाजपा नेता उदय अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार केशव पाण्डे, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय जैन, पूर्व निगम सभापति राकेश माहौर, भाजपा नेता हरीश सेवाराम गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, जिला मंत्री अमित जैन, जिला मंत्री राजू पलैया, रवि पाण्डे, अजय अरोरा, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट गौरव कुलश्रेष्ठ, रमेश पठारिया, पूर्व पार्षद घनश्याम गुप्ता, अशोक बांदिल, संदीप देव, प्रीतम बघेल, विजय जाजू, बसंत अग्रवाल, देवेन्द्र शर्मा, अन्नी गुप्ता, रानी गुप्ता, सोम अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, अजय मिश्रा, रविकांत दुबे सहित समूचा बंसल परिवार शामिल हैं।