नवनियुक्त एएनएम को छह महीने से नहीं मिला वेतन, नारेबाजी कर सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपा
ग्वालियर। नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं संविदा एएनएम को वेतन नहीं मिलने से नाराज संयुक्त एएनएम एसोसिएशन ने स्वास्थ्य महकमे के खिलाफ मोर्चा खोला दिया ।प्रांतीय अध्यक्ष विमलेश शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव को वरिष्ठ संयुक्त संचालक (वित्त) संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि (एएनएम) को नियुक्त हुए छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया। बल्कि उनसे कहा जाता है कि आपके वेतन के मुख्य शीर्ष का परिवर्तन होना शेष है। उन्होंने कहा, सभी एएनएन अन्य जिले से निवासरत हैं, ऐसी स्थिति में आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं संविदा में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को 2 से 3 महीने तक वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है, ऐसी स्थिति में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर शासन नारी शक्ति वंदन अभियान, सरकत नारी अभियान, लाडली बहना योजना जैसी जनकारी योजनाएं चलाई जा रही है, तो वहीं दूसरी ओर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का आर्थिक शोषण कर विभाग के द्वारा सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जैसे वर्ष 2016 से नर्सिंग कैडर से हटाया गया, आज दिनांक तक वेतन विसंगति में कोई सुधार नहीं किया गया, और न ही कोई पदनाम दी जा रही है। इसके अलावा वर्षों से संविदा में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का तक संविलियन नहीं किया गया है। विमलेश शर्मा ने बताया कि महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एएनएम की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर वेतन भुगतान कराया जाए।