sandhyadesh

ग्वालियर में तैयार होगी फायर सेफ्टी सेना: कलेक्टर श्रीमती चौहान

ग्वालियर । अग्नि सुरक्षा के प्रति जन-जन को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर समाज के सभी वर्गों के साथ सार्थक संवाद हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि जिस तरह सड़क दुर्घटना में पहला घंटा घायल व्यक्ति का जीवन बचाने के लिये अस्पताल तक पहुँचाने का गोल्डन अवर होता है, उसी तरह अग्नि दुर्घटना में कुछ सेकेंड व मिनट गोल्डन माने जाते हैं। इसलिये हमें फायर ब्रिगेड के इंतजार में खड़े न रहकर आग बुझाने के लिये एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। इससे आग लगने की छोटी सी घटना को बड़ी घटना में तब्दील होने से रोका जा सकता है। पर इसके लिये शतप्रतिशत घरों व प्रतिष्ठानों में कोई न कोई अग्निशमन यंत्र होना व उनके इस्तेमाल के तरीके आना जरूरी हैं। 
बुधवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में अग्नि सुरक्षा को लेकर आयोजित हुए संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि ग्वालियर को अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित करने के लिये सभी के सहयोग से वॉलेंटियर प्रशिक्षित कर “फायर सेफ्टी सेना” तैयार की जायेगी। इस पर संवाद कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने सहमति जताई। कलेक्टर ने कहा कि फायर सेफ्टी सेना के लिये शहर के प्रत्येक बाजार, मोहल्ला, शिक्षण संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों इत्यादि के कामगारों को प्रशिक्षण दिलाकर वॉलेंटियर तैयार किए जायेंगे। एसडीआरएफ के सहयोग से अभी तक लगभग 350 सेल्फ डिफेंस वॉलेंटियर तैयार किए जा चुके हैं। ये सभी भी फायर सेफ्टी सेना के हिस्सा होंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 29 से 31 मार्च तक ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में अग्नि सुरक्षा मेला लगने जा रहा है, जिसमें अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल की बारीकियां सिखाई जायेंगीं। साथ ही अग्निशमन यंत्र भी खरीदे जा सकेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने संवाद के दौरान आह्वान किया कि हम अपने घरों, प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के साथ समझौता न करें। अग्नि दुर्घटना से बचने के लिये साझा प्रयास जरूरी हैं। इस दिशा में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अनुकरणीय पहल की है। 
संवाद कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ की टीम द्वारा विभिन्न प्रकार की अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय, सावधानियां व अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल की बारीकियां समझाईं। संवाद के अंतिम सत्र में समाज के सभी घटकों के प्रतिनिधियों ने अग्नि सुरक्षा से बचाव के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। संवाद में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक सुरेश राजे, लोकमाता अहिल्याबाई बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, एडीएम सी बी प्रसाद, कैट के पदाधिकारी भूपेन्द्र जैन, लघु उद्योग भारतीय के अध्यक्ष सोबरन सिंह तोमर, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल शुक्ला व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन एस बी ओझा ने किया। 

posted by Admin
31

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->