राजश्री अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर में स्थित केमिकल गोदाम में आग लगी
- अपार्टमेंट के लोगों ने दूसरी छतों पर कूदकर जान बचाई
ग्वालियर । खुर्जेवाला मोहल्ला स्थित राजश्री अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर में स्थित केमिकल गोदाम में बुधवार सुबह 11 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी तीव्र थी कि उसके लपटें देखते ही देखते पहली मंजिल तक जा पहुंची। आग बढ़ती देख अपार्टमेंट के रहवासी घबरा गए और छत की ओर दौड़ लगा दी। उन्होंने दूसरी छतों पर कूदकर जान बचाई और मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन और दमकल दस्ते को दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपार्टमेंट में रह रहे परिवारों का रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। गनीमत यह रही कि आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिये पानी फेंकना शुरू किया। कुछ देर बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाकर धुएं पर फॉम डाला। आगजनी की खबर पर एसएसपी धर्मवीर सिंह और कलेक्टर रूचिका चैहान भी मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुर्जेवाला मोहल्ला स्थित राजश्री अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर में केमिकल का गोदाम है। इस गोदाम में पेंट, सेनेटाइजर एवं दवाईयों आदि रखी थी। बताया जाता है कि बुधवार सुबह अचानक गोदाम में आग लग गई और आग सर्जिकल के सामान से इतनी भड़क गई कि पहली मंजिल तक उसकी लपटें जा पहुंची। आसपास के लोगों ने जैसे ही अपार्टमेंट में आग देखी, तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल अमलस मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किये। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने जल्दी से अपार्टमेंट खाली कराया और घरों में रखे गैस सिलेंडर बाहर निकाले। वहीं गोदाम से स्याही के ड्रम भी बाहर निकाले गए। मामले की जानकारी पर एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह खुद मौके पर पहुंचे और अपार्टमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालते नजर आए। अपार्टमेंट तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दमकल समय से पहुंच गईं और पानी डालना शुरू किया। आग लगने के सही कारणों का अब पता अब तक नहीं चला है पर आशंका जताई जा रही है कि शॉट सर्किट से आग लगी है। बताया जाता है कि बिल्डिंग में लगभग 20 परिवार रहते हैं। मामले की जानकारी पर कलेक्टर रुचिका चैहान मौके पर पहुंची और उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना में केमिकल गोदाम वालों की ओर से लापरवाही सामने आई, तो कार्रवाई की जाएगी। अपार्टमेंट में रहने वाले सभी परिवार सुरक्षित हैं। समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया था। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि आग बुझाने में लगभग 3 गाड़ी पानी और एक गाड़ी केमिकल फॉर्म का इस्तेमाल हुआ है। आग लगने की घटना की बारीकी से जांच की जायेगी और जाँच रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्रवाई होगी। इस मौके पर नगर निगम के अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुमन गुर्जर सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।