स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारीः निगमायुक्त संघ प्रिय
- कचरा प्रबंधन क्षमतावर्धन पर कार्यशाला का हुआ आयोजन
ग्वालियर। शहर को साफ व स्वच्छत रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसलिए सभी एएचओ एवं जेडएचओ प्रतिदिन कचरा संग्रहण वाहनों की मॉनिटरिंग करें, शहर में किसी भी स्थान या खाली प्लॉट में कचरा न मिले, समस्त वार्ड अंतर्गत आने वाले एक-एक घर से कचरा कलेक्शन की जिम्मेदारी तय हो एवं किसी स्थान पर कचरा मिलता है और 24 घंटे में सफाई नहीं होती है तो उसके लिए जिम्मेदार संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी होंगे। यह बात निगम आयुक्त संघ प्रिय ने गुरूवार को कचरा प्रबंधन को और अधिक सशक्त एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आयोजित क्षमतावर्धन कार्यशाला में कहीं।
बाल भवन में आयोजित कार्यशाला में निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कार्यशाला में समस्त एएचओ एवं जेडएचओ को निर्देशित किया कि कंट्रोल कमांड सेंटर में सभी कचरा संग्रहण वाहनों का प्रतिदिन का डाटा उपलब्ध रहता है जिसकी जानकारी से प्रतिदिन अपने वरिष्ठ अधिकारी को अवगत करायें। साथ ही एफसीटीएस प्लांट पर प्रतिदिन किस गाड़ी से कितना सूखा एवं गीला कचरा प्राप्त हो रहा है, इसकी जानकारी भी प्रतिदिन अवगत करावें तथा कार्यशाला के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 239 कचरा संग्रह गाड़ियों में अलग-अलग कंपार्टमेंट होना सुनिश्चित करें जिससे सूखा एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखा जाये। यह कार्यशाला ग्वालियर शहर में कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी व परिणामदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यशाला में इंदौर से आये म्यूज फांडेशन से राहुल एवं डिवाइन के ज्ञानेन्द्र द्विवेदी के सदस्यों ने ग्वालियर में स्वच्छता के कार्य में लगे सभी स्वच्छता मित्रों को स्वच्छता की बारीकियां बताई।