ग्वालियर। देश का ग्रामीण परिवेश वास्तव में जीवन जीने की अदभुत परम्परा है। ग्रामीण परिवेश को जिस बेहतर तरीके से फाईन आर्टस कालेज के छात्र -छात्राओं ने अपनी कला को हूबहू उतारा है, वह काबिले तारीफ है। उक्त उदगार आज स्मार्ट सिटी ग्वालियर के सीईओ व नगर निगम के एडीशनल कमिश्नर आईएएस टी प्रतीक राव ने व्यक्त किये। वह फाईन आर्टस कालेज में छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ग्राम कला मेला का शुभारंभ कर रहे थे। इस मेले में छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से निर्मित एक से बढकर एक कला कृतियों को प्रदर्शित किया है।
इस मौके पर फाईन आर्टस कालेज की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी सीईओ प्रतीक राव का स्वागत कर कहा कि स्मार्ट सिटी के नगर को सुंदर और बेहतर बनाने के प्रयासों में फाईन आर्टस कालेज पूरा सहयोग लगातार जारी रखेगा। अग्रवाल ने कहा कि हम विभिन्न चैराहों पर खाली पडी दीवारों को सुंदर बनाने में सहयोग देंगे। वहीं फाईन आर्टस कालेज के प्रशासकीय प्रभारी गिर्राज शर्मा ने कहा कि फाईन आर्टस कालेज मप्र के श्रेष्ठ कला संस्थानों में एक है और हमारा सकारात्मक प्रयास सदैव शहर को सुंदर बनाने का रहा है।
इससे पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनय अग्रवाल, प्रशासकीय प्रभारी गिर्राज शर्मा, ओमेन्द्र वर्मा ने टी प्रतीक राव का पुष्पहार व बुके देकर स्वागत किया और एक हस्त निर्मित पेंटिंग भी उनको भेंट की। इस मौके पर फाईन आर्टस कालेज के शिक्षक गण केदार सिंह उन्हाडी, मनीष चंदेरिया, अनूप शिवहरे, तपोजानी साहा, ओमप्रकाश माहौर, अनिल बाथम, रूचिका खत्री, यशवंत जाधव, जुगलेश कुमार, मनोज माहौर, संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य भगवान दास रतोनिया, शिव पाल आदि भी उपस्थित थे। ज्ञातव्य है कि कला मेले में बीएफए,एमएफए के समस्त छात्र-छात्राओं द्वारा ग्रामीण परिवेश पर रंगोली, प्रवेश द्वार, आश्रय, घर, कुंआ,गुरूकुल आदि प्रदर्शित किये गये है।

कलाकृति खरीदी राव ने
फाईन आर्टस कालेज के कला मेले में स्मार्ट सिटी सीईओ टी प्रतीक राव को एक छात्रा द्वारा बनाई गई एक कलाकृति इतनी भाई कि उन्होंने उसे पेमेंट कर खरीदा और छात्रा की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि वह एक दो दिन में अपनी पत्नी के साथ पुनः आयेंगे।
आडीटोरियम भी देखा
स्मार्ट सिटी सीईओ टी प्रतीक राव ने फाईन आर्टस कालेज में स्मार्ट सिटी द्वारा बनाये गये आडीटोरियम को भी जनभागीदारी समिति अध्यक्षविनय अग्रवाल व प्रशासकीय प्रभारी गिर्राज शर्मा के आग्रह पर देखा। उन्होंने उसकी सराहना की और शेष बचे कार्य , आडीटोरियम का फर्श चेयर व पेवर ब्लाक कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात की। उन्हें अध्यक्ष ने एक मांग पत्र भी सौंपा।
© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur