एचआरपी क्लीनिक में 1035 में से 383 हाई रिस्क गर्भवती चिन्हित
ग्वालियर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 24 व 27 अक्टूबर को ग्वालियर जिले के 30 शहरी एवं ग्रामीण सरकारी अस्पतालों में एचआरपी क्लीनिक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अगुवाई में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
सामान्यतः हर माह की 9 व 25 तारीख को यह क्लीनिक लगाई जाती है, लेकिन इस बार 25 को रविवार और 26 को वाल्मीकि जयंती अवकाश होने के कारण 24 व 27 अक्टूबर को क्लीनिक लगाई गई। सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने बताया कि दो दिन में कुल 1035 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इस दौरान निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोबिन सहित खून की अन्य जांचें व यूरिन जांच की गई। जांच में 383 महिलाओं को हाई रिस्क के रूप में चिन्हित किया गया। इनमें से 12 को अस्पताल में भर्ती किया गया, 253 की अल्ट्रासोनोग्राफी की गई तथा 53 महिलाओं को आयरन सुक्रोज इंजेक्शन लगाया गया। सभी महिलाओं को फल एवं पौष्टिक आहार भी दिया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर ने बताया कि कलेक्टर ने चिन्हित हाई रिस्क माताओं का प्रसव तक नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए हैं।