ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में श्रेयश प्रजापति और धनंजय प्रजापति ने जीते स्वर्ण पदक
श्रेयश ने दो गोल्ड, जबकि धनंजय ने एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर ग्वालियर का नाम रोशन किया
ग्वालियर। कराटे डू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन द्वारा गत दिवस एलएनआईपीई (LNIPE) में आयोजित 10वीं वॉरियर ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप-2026 में ग्वालियर के होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में श्रेयश प्रजापति ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं धनंजय प्रजापति ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर ग्वालियर को गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर कराटे के नेशनल कोच एवं विश्वामित्र अवॉर्डी श्री जयदेव शर्मा, विक्रम अवॉर्ड एवं विश्वामित्र अवॉर्ड से सम्मानित श्री परितोष शर्मा, कोच श्री विष्णुकांत शर्मा, श्री वीरेंद्र कुशवाह, श्री संजय पांडे, श्री शिववीर सिंह भदौरिया, कराटे एसोसिएशन ग्वालियर के अध्यक्ष श्री दिनेश सिकरवार, WWF के श्री सौरभ गुर्जर, श्री गिर्राज दंडोतिया, श्रीमती नीतू शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित खेल जगत की हस्तियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण आवश्यक हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
श्रेयश प्रजापति और धनंजय प्रजापति की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि ग्वालियर के युवा खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों की सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।