रसोई गैस के दुरुपयोग को रोकने प्रतिष्ठानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर जप्त
ग्वालियर। जिले में रसोई गैस का दुरुपयोग रोकने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर खाद्य विभाग के दल द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। विभाग के दल द्वारा फूलबाग चौपाटी, गुरुद्वारा चौपाटी एवं गुड़ा गुड़ी नाके पर स्थित सात अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किये हैं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक अरविंद भदौरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग के दल द्वारा किए गए निरीक्षण के समय फूलबाग चौपाटी, गुरुद्वारा चौपाटी के प्रतिष्ठानों से घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर पकवान तैयार कर बेचे जा रहे थे। इसी तरह गुड़ा गुड़ी के नाके के 02 प्रतिष्ठानों से घरेलू सिलेंडरों से 5 किलो के छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग कर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सभी 20 घरेलू सिलेंडरों को अनंत गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है । सभी संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।