मेयर इन काउंसिल की बैठक में लिये गये अनेक निर्णय
ग्वालियर । मेयर इन काउंसिल की बैठक बाल भवन में महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार के अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वार्ड क्र 1 लगायत 60 तक के वार्डो में कार्यरत मानदेय पंप चालकों की वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की समय वृद्धि प्रदान करने के सम्बंध में प्राप्त प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
बैठक में पवन सिंघल सहायक यंत्री, तत्कालीन प्रभारी कार्यपालन यंत्री एवं सुरेश अहिरवार सहायक यंत्री, तत्कालीन प्रभारी कार्यपालन यंत्री के विरूद्ध विभागीय जांच संस्थित किये जाने के सम्बंध में निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत प्रतिवेदन को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बजट वर्ष 2026-27 के बजट लेखा शीर्ष में राशि पुनर्विनियोजन किये जाने के संबंध में निगमायुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत प्रकरण को स्वीकृति प्रदान कर निगम परिषद के लिये अग्रेषित किया गया। बैठक में नगर निगम में संचालित स्वयं के एवं अनुबंधित वाहनों के लिये ईंधन डीजल, पेट्रोल एवं सीएनजी शासकीय संस्थानों 02 रीं वाहिनी विसबल ग्वालियर, 14वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर एवं 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर से लिये जाने की स्वीकृति के सम्बंध में निगमायुक्त का प्रकरण पर चर्चा उपरांत स्वीकृति प्रदान कर निगम परिषद के लिये अग्रेषित किया गया।
बैठक में राजीव आवास योजनान्तर्गत हितग्राही संख्या 02 के आवास परस्पर आपसी सहमति से आवास परिवर्तन के अनुमोदन के सम्बंध में निगमायुक्त का प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत प्रस्ताव निरस्त किया गया। बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, श्रीमती प्रेमलता जैन, श्रीमती मोनिका शर्मा, श्रीमती संध्या कुशवाह, श्रीमती उपासना यादव, श्रीमती गायत्री मण्डेलिया, विनोद यादव माठू, निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, मुनीष सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।